Science

क्लास 10 वाले विद्यार्थी ऐसे करें विज्ञान विषय में बोर्ड़ परीक्षा की तैयारी , जानिए अध्यापक अनीता पांडेय जी की क्या है इस पेपर के बारे में सलाह

UPMSP UP Board 10th Exam 2021: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा 5 मई को होगी। छात्र छात्राओं के पास तैयारी करने का पर्याप्त समय है। इस विषय की तैयारी करते समय एक बात का खास ध्यान रखें की रसायन विज्ञान में रासायनिक समीकरणों और भौतिक विज्ञान में न्यूमेरिकल प्रश्न हल करते समय प्रयुक्त होने वाले सूत्र को अवश्य लिखना चाहिए। भौतिक विज्ञान में भौतिक राशियों के मात्रक अवश्य लिखें, मात्रक के निश्चित अंक होते हैं। इनके प्रश्नों में यदि कोई नियम लिखते हैं तो उस नियम से संबंधित फार्मूला अवश्य लिखें। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिविल लाइंस की शिक्षिका अनिता पांडेय ने बच्चों को सलाह दी है कि यदि वे थोड़ा सा ध्यान दें तो शत प्रतिशत अंक प्राप्त कर सकते हैं।

अंकों का विभाजन
इकाई                                                  अंक

रासायनिक पदार्थ प्रकृति एवं व्यवहार         20
जैव जगत                                              20
अपवर्तन                                                 12
विद्युत धारा का चुम्बकीय प्रभाव               13
प्राकृतिक संसाधन                                     05

परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स
-कठिन बिंदुओं को चार्ट पर लिखकर अपनी स्टडी टेबल के सामने या जहां आप ज्यादा समय बिताते हैं वहां लगाइए। बार बार देखने से ये कठिन बिंदु आसान लगने लगेंगे और याद हो जाएंगे।
-न्यूमेरिकल्स अगर आप करेंगे तो पूरे अंक मिलते हैं। लेकिन उसके लिए आप पहले अभ्यास करें। राशि का मात्रक अवश्य लिखना है नहीं तो अंक पूरे नहीं मिलेंगे।
-प्रकाश में अगर प्रतिबिम्ब निर्माण से संबंधित प्रश्न कर रहे हैं तो किरण आरेख अवश्य बनाए। विद्युत परिपथ से संबंधित प्रश्न में धारा की दिशा अवश्य प्रदर्शित करें।
-रसायन विज्ञान में विद्यार्थी अक्सर सूत्र गलत ढंग से लिखते हैं। किसी भी यौगिक का सूत्र लिखने का एक निश्चित तरीका है उसी के अनुसार लिखें। 
-समीकरण को कॉपी में लिख कर अभ्यास करें और उसे संतुलित करें। कार्बनिक रसायन में बंध लगाते समय बहुत ध्यान दे। एकल बंध तथा द्विबन्ध से सारा अर्थ बदल जाता है।
-जीव विज्ञान में चित्र अवश्य बनाएं और उसे नामांकित भी करें। चित्र बनाने में आप रंगीन पेंसिल या स्केच पेन का प्रयोग भी कर सकते हैं।
-विज्ञान में आपको निरर्थक बातें लिखने से बचना है। विस्तृत उत्तर लिखते समय महत्वपूर्ण वाक्यों को रेखांकित अवश्य करें। आवश्यकतानुसार चित्र, समीकरण फ्लो डायग्राम अवश्य बनाएं।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ
अनिता पांडेय (सहायक अध्यापिका, जीजीआईसी सिविल लाइंस) ने कहा, ‘विज्ञान की कॉपी दो शिक्षक जांचते हैं इसलिए परीक्षा के समय आप इस बात का ध्यान रखें कि पहले खंड क समाप्त करें फिर अगले पेज से खंड -ख और उसके बाद अगले पेज से खंड-ग करें। सारे प्रश्न क्रम से करें। अगर कोई प्रश्न याद नहीं आ रहा तो उसका नंबर डालकर स्थान छोड़ दे। याद आने पर उसे बाद में कर लें। अगर आप प्रश्न को क्रम से करेंगे तो कोई भी प्रश्न अमूल्यांकित नहीं रहेगा। रफ़ कार्य करने के बाद उसे काट दें और ऊपर रफ़ कार्य लिख दें। प्रश्न का नंबर सही सही अंकित करें।’

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
%d bloggers like this:

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker